Punjab Junction Weekly Newspaper / 07 JANUARY 2024
रोहित शेट्टी की इस साल ‘सिंघम अगेन’ रिलीज को तैयार है। ये मल्टीस्टारर फिल्म 15 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। एक इंटरव्यू के दौरान रोहित ने अपनी जिंदगी की कठिनाइयों के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि मुंबई शहर ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया। अपने पिता की मृत्यु के बाद रोहित शेट्टी ने परिवार की जिम्मेदारियां उठाने के लिए कड़ी मेहनत की।

रोहित शेट्टी कम उम्र से ही स्ट्रीट स्मार्ट बन गए थे
डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के साथ बातचीत में अपनी जिंदगी से जुड़े कुछ खुलासे किए। उन्होंने कहा- मैं सांताक्रूज में अपने स्कूल तक पहुंचने के लिए सुबह 5:45 की लोकल ट्रेन पकड़ता था। जब हम सांताक्रूज में रहते थे तब मेरे पिताजी का निधन हो गया। मेरी मां की सेविंग्स (बचाए हुए पैसे) खत्म हो गई थी। इसलिए हम सब अपनी दादी के घर दहिसर चले गए। मैंने जहां हमेशा संघर्ष किया वहीं जमकर कड़ी मेहनत भी की। शायद इस वजह से मैं छोटी उम्र से ही स्ट्रीट स्मार्ट बन गया था।
रोहित शेट्टी ने आगे कहा- मेरा जन्म और पालन-पोषण यहीं हुआ। एक ऐसी चीज जो नहीं बदली है वो है मुंबई के लोगों की भावना। ये वाकई कुछ अलग है। जब भी मैं कहीं बाहर से मुंबई वापस आता हूं, तो मेरी चिंता का लेवल बढ़ जाता है। मैं सोचता हूं- मुझे काम करना है। आप कितना भी कहें- आज मैं आराम करूंगा, आप एक दिन से ज्यादा खाली नहीं बैठ सकते। इसी वजह से मुंबई शहर प्रोग्रेसिव (प्रगतिशील) है।

रोहित शेट्टी ने बेटे को हिंदी भाषा पर पकड़ बनाने की सलाह दी
शहर की स्पिरिट को लेकर हुई बातचीत में रोहित ने कहा- इस शहर में लोग अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। यहां हर कोई काम कर रहा होता है। दोपहर में लोअर मिडल क्लास की औरतें पोहा बेचती दिखाई देती हैं। वहीं यहां बूढ़े लोग भी ऑटो चलाते नजर आते हैं। मैं ऐसे लोगों के बारे में सोचता हूं क्योंकि मैं उन्हीं में से आया हूं। मैं बड़े लेवल पर ज्यादा नहीं सोचता क्योंकि मुझे घबराहट होने लगती है।
रोहित शेट्टी ने कहा कि अगर उनका बेटा एक्टर बनना चाहता है तो उसके लिए आम जनता के साथ समय बिताना जरूरी है। उन्होंने कहा- अगर आप एक्टर बनना चाहते हैं तो हिंदी भाषा पर पकड़ होना बहुत जरूरी है।

रोहित शेट्टी अपनी कॉप यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म शूट कर रहे हैं
डायरेक्टर रोहित शेट्टी इन दिनों ‘सिंघम अगेन’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। ये एक मल्टीस्टारर फिल्म है जिसमें अजय देवगन, करीना कपूर खान, रणवीर सिंह, अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, टाइगर श्रॉफ जैसे कलाकार हैं। रोहित शेट्टी ने भी फिल्म के क्रेज को बरकरार रखने के लिए एक-एक करके सारे स्टार्स के लुक रिवील किए थे। ये रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की पांचवीं फिल्म होगी। इसके अलावा रोहित शेट्टी अमेजन प्राइम वीडियो पर अपनी पहली वेब सीरीज- इंडियन पुलिस फोर्स की रिलीज का भी इंतजार कर रहे हैं। इस वेब सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा, विवेक ओबेरॉय और शिल्पा शेट्टी नजर आएंगे। वेब सीरीज 19 जनवरी को रिलीज होगी।
Chief Editor- Jasdeep Singh ‘Sagar’ (National Award Winner)