केएल राहुल में दिखे कोहली के ‘तेवर’, साउथ अफ्रीकी प्लेयर्स को दिया ‘मुंहतोड़’ जवाब

Punjab Junction Newspaper | 04 January 2022

जोहानिसबर्ग
मैदान पर जब भी आक्रामकता की बात होती है तो मौजूदा क्रिकेटरों में विराट कोहली की चर्चा जरूर होती है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वही नहीं खेल रहे हैं, लेकिन उनके तेवर केएल राहुल में देखने को मिले। दरअसल, साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों ने 8 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट रहे केएल राहुल पर कुछ कॉमेंट किया, जो भारतीय कप्तान को कतई पसंद नहीं आया। उन्होंने रुककर विपक्षी टीम के प्लेयर्स को जवाब दिया।

यह सब हुआ भारतीय टीम की दूसरी पारी के दौरान। दरअसल, 229 रनों पर साउथ अफ्रीका की पहली पारी समेटने के बाद दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। केएल राहुल युवा तेज गेंदबाज मार्को जैनसन की गेंद पर स्लीप में एडेन मार्करम के हाथों कैच आउट हुए। गेंद नीची रह रही थी तो अंपायर इस कैच को लेकर पूरी तरह से सहमत नहीं थे और आउट का इशारा करते हुए थर्ड अंपायर की ओर रेफर कर दिया।

रिप्ले में देखने पर भी पूरी बात क्लियर नहीं हो रही थी। हालांकि, थर्ड अंपायर ने डाउट का फायदा गेंदबाज को दिया और फैसला केएल राहुल के खिलाफ गया। उन्हें 8 रन बनाकर पवेलियन की ओर लौटना पड़ा। जब वह पवेलियन की ओर लौट रहे थे तो साउथ अफ्रीकी प्लेयर्स ने कुछ कॉमेंट किया, जिसपर वह रुके और मुड़कर जवाब देने लगे। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि मामला आगे नहीं बढ़ा।

फैंस को केएल राहुल का यह अंदाज पसंद आया है। कुछ ने तो उनकी तारीफ भी की है। बता दें कि पीठ में खिंचाव के कारण विराट कोहली इस मैच में नहीं खेल रहे हैं तो उनकी जगह केएल राहुल कप्तानी कर रहे हैं और फैंस अपने आक्रामक हीरो को मिस कर रहे हैं।

                                                                              …………Chief Editor Jasdeep Singh