Punjab Junction Newspaper | 29 December 2021
अमेठी
अमेठी में नाबालिग बच्ची से मारपीट का मामला सामना आ रहा है। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक नाबालिग बच्ची को पकड़ कर निर्ममता से पिटाई किया जाता देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला काफी गरमा गया है। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मामले पर योगी सरकार पर हमला बोला है।
वायरल वीडियो के मामले में कार्रवाई भी शुरू हो गई है। पीड़िता के परिजनों की ओर से दर्ज कराए गए मामले के आधार पर पॉक्सो एक्ट और अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अमेठी के डीएसपी अर्पित कपूर ने इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
लड़की से मारपीट का उठाया मामला
प्रियंका गांधी ने दलित बच्ची के साथ मारपीट के मामले को लेकर हुए प्रदेश की योगी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं से साथ होने वाले अत्याचार का मामला उठाया है। उन्होंने दलित बच्ची के साथ मारपीट का वीडियो ट्वीट किया। इसमें दिख रहा है कि एक व्यक्ति हाथ में डंडा लेकर नाबालिग लड़की के पैरों पर मार रहा है। वहां कई अन्य लोग भी खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस ट्वीट में प्रियंका ने सीएम योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए अल्टीमेटम दिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमेठी में 16 साल की दलित किशोरी को कथित रूप से पीटे जाने और उससे छेड़खानी का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अमेठी के एसपी अर्पित कपूर ने बताया कि विडियो वायरल होने के बाद थाना अमेठी पुलिस ने पीड़िता से संपर्क किया। उसके पिता की तहरीर पर पॉक्सो कानून, एससी-एसटी कानून के तहत आरोपी सूरज सोनी, शिवम और साकाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोप है कि मोबाइल फोन चुराने की वजह से लड़की की पिटाई की गई। विडियो में दो लोग लड़की की पिटाई करते हुए और उसके बाल खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक युवक डंडा लिए हुए है और लड़की को जमीन पर लेटने के लिए कह रहा है। जैसे ही वह लेटती है, अन्य युवक उसके पैरों पर लाठी से वार करते हैं।
प्रियंका ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रियंका ने ट्वीट में लिखा कि आदित्यनाथ जी, आपके राज में हर रोज दलितों के खिलाफ औसतन 34 अपराध की घटनाएं होती हैं। 135 महिलाओं के खिलाफ अपराध होता है। फिर भी आपकी कानून व्यवस्था सो रही है। अगर 24 घंटे के भीतर इस अमानवीय कृत्य को करने वाले अपराधियों को नहीं पकड़ा गया तो कांग्रेस पार्टी जोरदार आंदोलन कर आपको जगाने का कार्य करेगी। दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ यूपी चुनाव के मैदान में प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने का दावा करते हैं। प्रियंका ने उसी पर हमला बोला है।
…………………..…………………………Chief Editor Jasdeep Singh